उत्तर प्रदेश में मानसून का असर तेज, 19 जिलों में ऑरेंज और 43 जिलों में येलो अलर्ट

लखनऊ, 9 जुलाई। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के 19 जिलों में गरज-चमक, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के 43 अन्य जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसूनी गतिविधियां तेजी से सक्रिय हुई हैं। अगले तीन दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश होने की संभावना है, जबकि 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं।

कई जिलों में झमाझम बारिश, तापमान में गिरावट

बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। प्रदेश में सबसे अधिक 144.4 मिमी वर्षा चित्रकूट में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बदायूं में 94 मिमी, सिद्धार्थनगर में 72.8 मिमी, मेरठ में 71.9 मिमी, मुजफ्फरनगर में 68 मिमी और बांदा में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।

43 जिलों में येलो अलर्ट

प्रदेश के बांदा, फतेहपुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अंबेडकर नगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *