पर्यावरण संरक्षण की मिसाल: एलडीए अनंत नगर योजना में करेगा 8,000 पेड़ों का प्रत्यारोपण

लखनऊ, 9 जुलाई। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना में विकास कार्यों की जद में आने वाले लगभग 8,000 पेड़ों को काटने के बजाय प्रत्यारोपित (ट्रांसप्लांट) करने का निर्णय लिया है। इतनी बड़ी संख्या में वृक्ष प्रत्यारोपण का यह अभियान उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।

पेड़ काटने के बजाय ग्रीन बेल्ट और पार्कों में होंगे ट्रांसप्लांट, प्रदेश का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान; निर्माण कार्य में लापरवाही पर ठेकेदारों पर 12.50 लाख का जुर्माना

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को अनंत नगर योजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान पेड़ों को काटने के बजाय उन्हें वैज्ञानिक तरीके से योजना के भीतर विकसित किए जाने वाले पार्कों और ग्रीन बेल्ट में स्थानांतरित किया जाए। इसके लिए जल्द ही विशेषज्ञ संस्था का चयन कर पेड़ों का सर्वे कराया जाएगा और बरसात के मौसम में प्रत्यारोपण का कार्य पूरा किया जाएगा।

पहले चरण में 2,098 पेड़ों का होगा प्रत्यारोपण

एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अनंत नगर योजना में प्रस्तावित 45, 24 और 12 मीटर चौड़ी सड़कों के एलाइनमेंट में करीब 8,000 पेड़ आ रहे हैं। इनमें से पहले चरण में 2,098 पेड़ों को हटाना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार इन पेड़ों को काटने के बजाय वैज्ञानिक विधि से ट्रांसप्लांट किया जाएगा। साथ ही पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले संबंधित काश्तकारों को निर्धारित प्रतिकर का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

निर्माण कार्य में लापरवाही पर दो एजेंसियों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने योजना में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1 के पॉकेट-ई में 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया, जबकि कार्यादेश पहले ही जारी किया जा चुका था।

इस पर कार्यदायी संस्था मैसर्स डी.पी. इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा सेक्टर-1 और 4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज और ड्रेनेज निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर मैसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों एजेंसियों पर कुल 12.50 लाख रुपये की आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई की गई।

हर सप्ताह देनी होगी प्रगति रिपोर्ट

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के सभी सेक्टरों में निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। बरसात को देखते हुए मिट्टी भराई, भूमि समतलीकरण और अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।

उन्होंने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह अनंत नगर योजना का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा सके।

नादरगंज से अनंत नगर तक सड़क होगी चौड़ी

निरीक्षण के दौरान कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर योजना को जोड़ने वाली लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आरसीसी ड्रेन और ट्रेंच निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही बरसात के दौरान किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए खुले नालों को शीघ्र कवर करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी (अर्जन) विराग करवरिया, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और मनोज सागर सहित अन्य अधिकारी एवं अभियंता भी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *