नई दिल्ली, 10 जून (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। लगातार सत्ता में रहते हुए उन्होंने 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं और इसके साथ ही देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों तक चुने हुए प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।
मई 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने न केवल राष्ट्रीय राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत की, बल्कि राज्यों में भी अपना प्रभाव लगातार बढ़ाया।
जब नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद संभाला था, उस समय भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें केवल सात राज्यों में थीं। इनमें गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और गोवा में भाजपा की सरकारें थीं, जबकि आंध्र प्रदेश और पंजाब में सहयोगी दल सत्ता में थे। उस समय देश की लगभग 26 प्रतिशत आबादी भाजपा और उसके सहयोगी दलों के शासन वाले राज्यों में निवास करती थी।
इसके बाद भाजपा का विस्तार तेजी से हुआ और मार्च 2018 तक भाजपा तथा उसके सहयोगियों की सरकारें 21 राज्यों तक पहुंच गईं। उस समय देश की करीब 71 प्रतिशत आबादी भाजपा-शासित राज्यों में रह रही थी। इसे भाजपा के राजनीतिक विस्तार का शिखर माना जाता है।
फरवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के साथ भाजपा ने 27 वर्षों बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में वापसी की। वहीं बिहार में एनडीए सरकार की पुनर्वापसी के बाद गठबंधन ने अपनी राजनीतिक स्थिति को बरकरार रखा।
वर्तमान में भाजपा और उसके सहयोगी दल आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड, पुडुचेरी, ओडिशा, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित 21 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में सत्ता में हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा और उसके सहयोगियों के शासन वाले राज्यों का कुल क्षेत्रफल देश के लगभग 72 प्रतिशत भूभाग को कवर करता है, जबकि इन राज्यों में देश की लगभग 76 प्रतिशत आबादी निवास करती है। आबादी के लिहाज से भाजपा-शासित सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश है, जबकि क्षेत्रफल के आधार पर राजस्थान सबसे बड़ा राज्य है।
वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगी दल हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर तथा केरल में सत्ता में हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी, तमिलनाडु में टीवीके, सिक्किम में एसकेएम और मिजोरम में जेडपीएम की सरकार है।
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल और लगातार चुनावी सफलताओं ने भारतीय राजनीति के परिदृश्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब आगामी विधानसभा चुनावों पर नजर रहेगी, जो विभिन्न राज्यों में राजनीतिक दलों की ताकत और जनसमर्थन की नई तस्वीर पेश करेंगे।
