ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशभर में मेडिकल स्टोर बंद

नई दिल्ली, 20 मई 2026। अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को 24 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि वर्तमान में ऑनलाइन दवा बिक्री पूरी तरह गैरकानूनी तरीके से संचालित हो रही है और इसके लिए स्पष्ट एवं सख्त नियामक व्यवस्था नहीं है।

संगठन के आह्वान पर देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। हालांकि, आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

24 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर दवा विक्रेता संगठन, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी

एआईओसीडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएस शिंदे ने कहा कि हाल में शुरू हुई ऑनलाइन दवा बिक्री मौजूदा नियमों का उल्लंघन करती है। उन्होंने विशेष रूप से जीएसआर 817 अधिसूचना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऑनलाइन दवा बिक्री को वैध बनाने के लिए पर्याप्त नहीं है और इसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से अवैध कारोबार और माफिया तंत्र को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही इसके संचालन के लिए मजबूत आईटी ढांचे की जरूरत है, जिसका फिलहाल अभाव है।

संगठन की प्रमुख मांगें

दवा विक्रेता संगठन ने सरकार के सामने तीन मुख्य मांगें रखी हैं—

  • जीएसआर 817 अधिसूचना को तत्काल रद्द किया जाए।
  • ऑनलाइन दवा बिक्री के लिए नई और सख्त नियामक व्यवस्था बनाई जाए।
  • ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इसके अलावा संगठन ने कोविड-19 महामारी के दौरान लागू की गई जीएसआर 220 अधिसूचना को भी समाप्त करने की मांग की है।

एआईओसीडी ने ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा दी जा रही भारी छूट पर भी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि या तो इन छूटों पर रोक लगाई जाए या फिर दवा मूल्य नियंत्रण आदेश में संशोधन कर फार्मासिस्टों का मार्जिन बढ़ाया जाए, ताकि पारंपरिक मेडिकल स्टोर भी उपभोक्ताओं को प्रतिस्पर्धी छूट दे सकें।

जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पीवी रत्नम ने बताया कि राज्य में करीब 43 हजार मेडिकल स्टोर एक दिन के लिए बंद रहेंगे और विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन तथा रैलियां आयोजित की जाएंगी।

गौरतलब है कि एआईओसीडी देशभर के 12.4 लाख से अधिक केमिस्ट और दवा वितरकों का प्रतिनिधित्व करता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *