महिला आरक्षण पर मायावती की कार्यकर्ताओं को नसीहत, कहा—पार्टी अनुशासन का करें पालन

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। मायावती ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए कार्यकर्ताओं को सख्त नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पार्टी के स्टैंड में कोई बदलाव नहीं हुआ है और किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन पार्टी अनुशासन के खिलाफ होगा।

बसपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि 15 अप्रैल को महिला आरक्षण के समर्थन में जो रुख पार्टी ने अपनाया था, वह आज भी यथावत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बैठकों में इस बारे में सही जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न फैले।

गौरतलब है कि 15 अप्रैल को आयोजित एक प्रेस वार्ता में मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन किया था। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान जरूरी है। उनके मुताबिक, ऐसा नहीं होने पर महिला आरक्षण का उद्देश्य काफी हद तक निष्प्रभावी हो सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से सभी वर्गों की महिलाओं को उनकी आबादी के अनुपात में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग करती रही है, लेकिन अन्य राजनीतिक दल अपने स्वार्थ और मजबूरियों के चलते इस पर सहमत नहीं हो पाए हैं।

बुधवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मायावती ने बताया कि वह पार्टी कार्यों के सिलसिले में दिल्ली जा रही हैं और कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही लौटेंगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने पर जोर देते हुए आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने निर्देश दिया कि बैठकों में बसपा सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बने कई एक्सप्रेस-वे और नोएडा में विकसित हवाईअड्डे सहित कई परियोजनाओं की रूपरेखा बसपा शासनकाल में तैयार की गई थी, जिन्हें बाद में आगे बढ़ाया गया।

अंत में मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के समुचित विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और सर्वसमाज की उन्नति के लिए कानून का राज और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर आधारित बसपा शासन ही एक प्रभावी विकल्प है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *