जनाक्रोश रैली के बाद लखनऊ में भीषण जाम, धूप में बेहाल हुईं महिलाएं

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को जनाक्रोश महिला पदयात्रा के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रैली के मद्देनजर लागू किया गया रूट डायवर्जन प्लान कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रभावी नहीं रह सका, जिससे शहर के कई प्रमुख इलाकों में भारी जाम लग गया।

सबसे अधिक असर हजरतगंज क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक साथ बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने से यातायात ठप हो गया। इसके चलते हुसैनगंज, कैसरबाग, 1090 चौराहा (गोमतीनगर), निशातगंज और ग्रीन कॉरिडोर से हजरतगंज की ओर आने वाले मार्गों पर लंबा जाम लग गया। कई मुख्य चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

रैली से लौट रहीं महिलाओं को भीषण गर्मी और धूप के बीच पैदल चलना पड़ा, जिससे वे काफी परेशान नजर आईं।

कार्यक्रम को देखते हुए सुबह 6 बजे से ही कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू कर दिए गए थे। लालबत्ती चौराहा, विधानसभा मार्ग, जीपीओ, डीएसओ चौराहा, सिकंदरबाग, परिवर्तन चौक, लालबाग और कैपिटल तिराहा जैसे प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात रोक दिया गया था।

यातायात को सुचारु रखने के लिए वाहनों को कटाईपुल, जी-20 चौराहा (शहीदपथ), कमता तिराहा, कैंट, डालीगंज, पिपराघाट, ग्रीन कॉरिडोर, कैसरबाग, चिरैयाझील और दिलकुशा जैसे वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया था, लेकिन इसके बावजूद जाम की स्थिति पर नियंत्रण नहीं हो सका।

रोडवेज और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया था। बसों को सिकंदरबाग, हजरतगंज और विधानसभा मार्ग से होकर जाने की अनुमति नहीं थी, बल्कि उन्हें ग्रीन कॉरिडोर, डालीगंज और कैंट के रास्ते चलने के निर्देश दिए गए थे।

ट्रैफिक पुलिस के प्रयासों के बावजूद शहर के कई हिस्सों में घंटों जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *