लखनऊ। एनईआर स्टेडियम में खेले गए सरदार अजीत पाल सिंह मेमोरियल (40 प्लस) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मशकगंज क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केवीजीएन क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हरा दिया। मैच के हीरो रहे राशिद, जिन्होंने 79 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और मैन ऑफ द मैच बने।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केवीजीएन क्रिकेट क्लब ने 19 ओवर में सात विकेट पर 176 रन बनाए। टीम की ओर से रिशिल टंडन ने 49 गेंदों पर 69 रन (11 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली, जबकि गुफरान ने 33 गेंदों पर 53 रन (4 चौके, 2 छक्के) बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मशकगंज क्रिकेट क्लब की ओर से मोहम्मद ईशा शेख ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर चार विकेट झटके और विपक्षी टीम की रनगति पर अंकुश लगाया।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मशकगंज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 19 रन पर दो विकेट गंवा दिए, जिसमें सलामी बल्लेबाज शीबू बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद राशिद ने मोर्चा संभाला और 42 गेंदों पर 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 79 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
राशिद को रेहान (40 रन) और अभिषेक शर्मा (नाबाद 15 रन) का अच्छा साथ मिला, जिससे टीम ने 17.3 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
केवीजीएन क्रिकेट क्लब की ओर से सैयद जीशान मेहदी ने तीन विकेट और बलबीर ने दो विकेट हासिल किए, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
