लखनऊ बार चुनाव परिणाम: जी.एन. शुक्ला बने अध्यक्ष, जीतू यादव महामंत्री, मनीष श्रीवास्तव कनिष्ठ उपाध्यक्ष

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026। लखनऊ बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष, महामंत्री और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पदों पर विजेताओं के नाम सामने आ गए हैं। इस बार के चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया और परिणाम भी स्पष्ट बहुमत के साथ सामने आए।

अध्यक्ष पद पर जी.एन. शुक्ला ‘चच्चू’ ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने कुल 1255 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेश पांडेय को पीछे छोड़ दिया। शुरुआती रुझानों से ही शुक्ला बढ़त बनाए हुए थे, जो अंत तक कायम रही।

महामंत्री पद पर जितेंद्र सिंह यादव ‘जीतू’ ने 1094 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने मतगणना के पहले चरण से ही बढ़त बना ली थी, जो लगातार बढ़ती गई और निर्णायक जीत में बदल गई।

वहीं, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनीष श्रीवास्तव को विजयी घोषित किया गया।

इस चुनाव में कुल 3672 मतदाताओं में से 2722 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान कैसरबाग स्थित बार परिसर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

इस बार चुनाव की एक विशेष बात यह रही कि पहली बार महिला आरक्षण लागू किया गया। कोषाध्यक्ष सहित कुल सात पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए, जिससे चुनाव में महिला सहभागिता और प्रतिस्पर्धा दोनों में वृद्धि देखने को मिली।

लखनऊ बार एसोसिएशन के इस चुनाव में कुल 22 पदों के लिए 116 प्रत्याशी मैदान में थे। फिलहाल अन्य पदों के लिए मतगणना जारी है और उनके परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *