IPL, 2026 – कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईपीएल इतिहास में टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से फिन एलन ने 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं अंगकृष रघुवंशी ने 82 रन और कैमरून ग्रीन ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत शानदार रही और टीम ने शुरुआती तीन ओवर में 42 रन बना लिए थे। लेकिन इसी दौरान साई सुदर्शन चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए, जिससे टीम की बल्लेबाजी की लय टूट गई। अगले पांच ओवर में गुजरात केवल 32 रन ही जोड़ सकी और यही मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
हालांकि बाद में साई सुदर्शन ने वापसी करते हुए 53 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 85 रन और जोस बटलर ने 57 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मुकाबले में कुल 465 रन बने और दोनों टीमों की ओर से छह बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। साई सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में लगातार चौथा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
इस मैच में मथीशा पाथिराना ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पहला मुकाबला खेला, लेकिन आठ गेंद फेंकने के बाद चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। दूसरी ओर चोटिल होने के बावजूद साई सुदर्शन ने वापसी कर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन उनकी पारी टीम के काम नहीं आ सकी।
