लखनऊ,19 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि कई जिलों में लू और गर्म रात की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी दैनिक बुलेटिन के मुताबिक 25 अप्रैल तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 19 से 23 अप्रैल के बीच दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर गर्म रात की स्थिति भी रह सकती है। 24 और 25 अप्रैल को किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में शनिवार को तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांदा 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा प्रयागराज में 43.2 डिग्री, झांसी में 43.1 डिग्री, वाराणसी में 43.0 डिग्री, सुल्तानपुर में 42.8 डिग्री, लखनऊ में 41.0 डिग्री और गोरखपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुष्क हवाएं, तेज धूप और नमी में कमी के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
