मुंबई। प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘मटका किंग’ ने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली है। रिलीज के बाद से ही यह सीरीज सोशल मीडिया और इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही है, जहां दर्शक इसकी कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की खुलकर सराहना कर रहे हैं।
सीरीज में विजय वर्मा की दमदार और गहरी परफॉर्मेंस को खास तौर पर सराहा जा रहा है। इसके साथ ही पूरी स्टार कास्ट ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। वहीं, निर्देशक नागराज पोपटराव मंजुले के अनोखे विजन और सशक्त कहानी कहने के अंदाज की भी हर तरफ चर्चा हो रही है।
सीरीज को मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स का जश्न मनाने के लिए ‘मटका किंग’ की टीम ने एक खास गेट-टुगेदर आयोजित किया। यह आयोजन सिद्धार्थ रॉय कपूर के घर पर हुआ, जहां शो के क्रिएटर्स और कलाकार एक साथ नजर आए और अपनी खुशी साझा की।
इस मौके पर क्रिएटर और लेखक अभय कोरन्ने भी मौजूद रहे। वहीं कास्ट में विजय वर्मा के अलावा सई ताम्हणकर और भूपेंद्र जादावत समेत कई कलाकारों ने इस खुशी में हिस्सा लिया।
प्राइम वीडियो इंडिया की टीम से निखिल मधोक, साहिरा नायर और स्तुति रामचंद्र भी इस जश्न में शामिल हुए और सीरीज को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जाहिर की।
‘मटका किंग’ को अभय कोरन्ने और नागराज पोपटराव मंजुले ने क्रिएट और लिखा है, जबकि निर्देशन भी नागराज पोपटराव मंजुले ने ही किया है। सीरीज में विजय वर्मा के साथ कृतिका कामरा, सिद्धार्थ जाधव, गुलशन ग्रोवर, विनीत कुमार सिंह, भरत जाधव, गिरीश कुलकर्णी, जेमी लीवर, किशोर कदम, साइरस साहूकार, अर्पिता सेठिया, संभाजी तांगडे, इश्तियाक खान, संजीव जोटांगिया और सिमरन अश्विनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
रॉय कपूर फिल्म्स, आटपाट और एसएमआर एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह सीरीज अब भारत सहित दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही है। दर्शकों से मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स के साथ ‘मटका किंग’ इस साल की सबसे चर्चित वेब सीरीज में अपनी खास जगह बना चुकी है।
