ग्रेटर नोएडा में हॉकी ग्राउंड का शिलान्यास, 10.30 करोड़ की लागत से 9 माह में होगा तैयार

नोएडा, 07 जून 2026 (यूएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हॉकी ग्राउंड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को धीरेंद्र सिंह ने भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर परियोजना का शुभारंभ किया। लगभग 10.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हॉकी ग्राउंड करीब नौ माह में तैयार होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में हॉकी ग्राउंड का निर्माण कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में पवेलियन और दर्शक दीर्घा का निर्माण होगा। इस परियोजना का प्रस्ताव जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने दिया था, जिसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह हॉकी ग्राउंड क्षेत्र के युवाओं में राष्ट्रीय खेल हॉकी के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों के सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस यह मैदान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह हॉकी स्टेडियम जिले के लिए गौरव का विषय बनेगा और आने वाले समय में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे तक चला। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी तथा सेक्टर-37 एवं आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के समयबद्ध निर्माण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *