मोदी-ट्रंप मुलाकात से पहले कांग्रेस का केंद्र पर हमला, अमेरिकी प्रतिनिधि की यात्रा टालने की मांग

नई दिल्ली, 14 जून (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रस्तावित मुलाकात से पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा है कि भारत को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर की प्रस्तावित यात्रा स्थगित करनी चाहिए और राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर अधिक दृढ़ता से अपनी बात रखनी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री ओमान तट के निकट एक जहाज पर अमेरिकी कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा अमेरिकी नेतृत्व के समक्ष उठाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि क्या भारत अमेरिका की ओर से इस्तेमाल की गई कथित धमकीपूर्ण भाषा पर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा।

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौता देश के किसानों और उद्योगों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस समझौते में भारत की ओर से दी गई रियायतें घरेलू कृषि और औद्योगिक क्षेत्र के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापारिक समझौतों और आयात संबंधी प्रतिबद्धताओं को लेकर सरकार देश के सामने पूरी तस्वीर नहीं रख रही है। उन्होंने कहा कि भारत को अपने आर्थिक और रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए अधिक सख्त और स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

रमेश ने कहा कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि की प्रस्तावित भारत यात्रा पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी स्वाभिमानी देश अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए केवल औपचारिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहता।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। इस मुलाकात में व्यापार, रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *