अक्षय तृतीया पर सराहनीय पहल: डॉक्टरों ने निर्धन कन्या के विवाह के लिए किया गृहस्थी का दान

लखनऊ, 20 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को खालाबाजार स्थित रस्तोगी स्वास्थ्य परामर्श केन्द्र में एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। यहां चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक निर्धन कन्या के विवाह के लिए गृहस्थी से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं का दान किया और परिजनों को संकल्प स्वरूप भेंट सौंपी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को खालाबाजार स्थित स्वर्गीय श्री बेनी राम बाबू राम स्मृति भवन में दीपाली वर्मा का विवाह मोहिनपुरवा निवासी साहिल राजपूत के साथ संपन्न होगा। दीपाली, जो जलालपुर कुटी में अपनी बुआ गुड़िया के साथ रहती हैं, ने बचपन में ही अपने माता-पिता को खो दिया था। उनकी बुआ ने परचून की छोटी दुकान चलाकर उनका पालन-पोषण किया।

वहीं वर पक्ष के साहिल राजपूत ने भी बचपन में ही अपने पिता को खो दिया था और उनकी मां ने उनका लालन-पालन किया। साहिल पढ़ाई के साथ-साथ होजरी कारखाने में काम करते हैं और पार्ट टाइम कैटरिंग का कार्य भी करते हैं।

रस्तोगी स्वास्थ्य परामर्श केन्द्र समिति के संरक्षक हरी जीवन रस्तोगी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण समाज के लोगों ने मिलकर इस विवाह में सहयोग का निर्णय लिया। हरिश्चन्द्र वंशीय समाज की महिला समिति ‘सुहासिनी’, केन्द्र के चिकित्सकों और स्टाफ ने मिलकर गृहस्थी का अधिकांश सामान उपलब्ध कराया है। साथ ही विवाह स्थल और खानपान की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी ली गई है।

उन्होंने बताया कि यह संस्था पिछले कई वर्षों से शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहारा देना और समाज में सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

विवाह समारोह सोमवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा और शाम को कन्या की विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *