बाराबनी। योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता भाजपा समर्थकों को परेशान कर लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी यहां से टीएमसी का सूपड़ा साफ करेगी। उन्होंने राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए रवींद्रनाथ टैगोर को याद किया और कहा कि इसी भूमि ने देश को “जन गण मन” जैसा राष्ट्रगान दिया।
योगी आदित्यनाथ ने “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए इसे स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा बताया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और अरविंदो घोष जैसी महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि बंगाल ने देश को राष्ट्रवाद और बलिदान की राह दिखाई है।
उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि “एक देश, एक विधान” का उनका सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद अब वहां भी देश के समान कानून लागू हैं।
टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए योगी ने आरोप लगाया कि राज्य में टेरर, माफिया राज और “कट मनी” भ्रष्टाचार हावी है। उन्होंने कहा कि सैंड, कोल और लैंड माफिया को खत्म करने का संकल्प भाजपा सरकार ने लिया है।
उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले वहां भी ऐसे ही हालात थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने “बुलडोजर मॉडल” का जिक्र करते हुए कहा कि इससे माफिया राज खत्म हुआ और गरीबों के लिए आवास बनाए गए।
राम मंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है, जो केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे इसे रोक नहीं सके।
अंत में योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की जनता से अपील की कि राज्य में विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए “डबल इंजन सरकार” जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।
