सीबीएसई ने घटाई री-इवैल्यूएशन फीस, अब 100 रुपये में देख सकेंगे उत्तर पुस्तिका

नई दिल्ली, 17 मई 2026 (यूएनएस)। शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं परीक्षा में लागू ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज करते हुए विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका देखने, सत्यापन कराने और री-इवैल्यूएशन के लिए पहले की तुलना में काफी कम शुल्क देंगे।

स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि अब उत्तर पुस्तिका देखने के लिए छात्रों को 700 रुपये की जगह सिर्फ 100 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं अंकों के सत्यापन के लिए 500 रुपये के बजाय 100 रुपये ही देने होंगे। किसी विशेष प्रश्न के पुनर्मूल्यांकन के लिए 25 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कक्षा 12वीं की लगभग 98 लाख उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग की गई थी और पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के तीन स्तर अपनाए गए। हालांकि कुछ कॉपियों में हल्की स्याही के कारण स्कैनिंग में लिखावट स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। ऐसे मामलों में परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाएं मैन्युअली जांचने के निर्देश दिए गए। करीब 13 हजार से अधिक कॉपियों को अलग से चिन्हित कर हाथ से जांचा गया और फिर अंक दर्ज किए गए।

संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है तथा यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जाने वाली आधुनिक मूल्यांकन प्रणाली है। उन्होंने कहा कि छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए शुल्क में कटौती का फैसला लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुनर्मूल्यांकन के बाद किसी छात्र के अंक बढ़ते हैं तो उससे लिया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा। हाल के दिनों में छात्रों और अभिभावकों के बीच यह चर्चा थी कि ओएसएम प्रणाली लागू होने के कारण इस बार कक्षा 12वीं के अंकों और उत्तीर्ण प्रतिशत में गिरावट आई है। मंत्रालय ने इन आशंकाओं को निराधार बताया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *