अलीगढ़ बनेगा यूपी का नया स्पोर्ट्स पावर हाउस, सीएम जल्द देंगे ओलंपिक स्टैंडर्ड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात

लखनऊ, 24 मई 2026 (यूएनएस)। अलीगढ़ अब उत्तर प्रदेश के नए स्पोर्ट्स हब के रूप में उभरने जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में अलीगढ़ मंडल को विश्वस्तरीय ओलंपिक स्टैंडर्ड इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। करीब 57 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक खेल परिसर अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है और मुख्यमंत्री जल्द ही इसका लोकार्पण करेंगे।

करीब 13 हजार स्क्वायर मीटर क्षेत्र में विकसित यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद और बेहतर अवसरों का केंद्र बनेगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस परिसर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल ढांचा तैयार किया गया है।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार, यह अलीगढ़ मंडल का पहला विश्वस्तरीय इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है। इसका उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।

कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी खासियत इसका आधुनिक स्विमिंग पूल है, जिसे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार किया गया है। भविष्य में यहां राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावना जताई जा रही है। इससे अब अलीगढ़ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इसके अलावा परिसर में अत्याधुनिक मल्टीपर्पज हॉल भी बनाया गया है, जहां विभिन्न इंडोर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया गया है।

योगी सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गांवों में मिनी स्टेडियम, जिलों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। अलीगढ़ का यह नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स उसी व्यापक विजन का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि प्रदेश में खेल आधारित रोजगार और प्रतियोगिताओं को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *