मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नए भवन का उद्घाटन, मंत्री ए.के. शर्मा बोले- ‘सहकारिता से समृद्धि’ किसानों की खुशहाली का आधार

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ के मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकारिता से समृद्धि’ विजन के तहत सहकारी संस्थाओं को नया जीवन मिला है। इस दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए और बार्क में वैज्ञानिक बने हिमांशु वर्मा को सम्मानित किया गया।

मऊ, 20 जुलाई। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को मऊ जिले के मधुबन में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की नवीन शाखा भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकारिता से समृद्धि’ विजन के तहत इस क्षेत्र को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली है।

मंत्री ने कहा कि यदि पूर्ववर्ती सरकारों ने सहकारी बैंकों और समितियों पर पर्याप्त ध्यान दिया होता, तो ऐसे आधुनिक भवन वर्षों पहले बन चुके होते। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सहकारिता क्षेत्र की उपेक्षा की गई, जबकि केंद्र सरकार ने पहली बार अलग सहकारिता मंत्रालय बनाकर इस क्षेत्र को नई पहचान दी है।

मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नए भवन का उद्घाटन, मंत्री ए.के. शर्मा बोले- 'सहकारिता से समृद्धि' किसानों की खुशहाली का आधार

उन्होंने कहा कि आज सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को कम ब्याज पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से सामूहिकता और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यही सहकारिता की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) भी वितरित किए गए।

घोसी सहकारी चीनी मिल के संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार तात्कालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी पेराई सत्र को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए 5 से 6 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, दीर्घकालिक योजना के तहत केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से घोसी चीनी मिल को अत्याधुनिक तकनीक से विकसित कर देश की अग्रणी आधुनिक चीनी मिलों में शामिल करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने बार्क (भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र) में वैज्ञानिक पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन करने वाले युवा हिमांशु वर्मा के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति है तथा ऐसे युवाओं की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शुभम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक विजय प्रकाश वर्मा, गिरिजा शंकर मौर्य सहित बड़ी संख्या में किसान, सहकारी समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *