लखनऊ, 22 नवंबर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव समेत राज्य के कई नेताओं ने शनिवार को सपा के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’’
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’
अपने पिता और पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा प्रमुख एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”सिद्धांत आपके, संकल्प हमारा! नेता जी की जयंती पर नये संकल्पों से भरा हार्दिक नमन!’’
यादव ने कहा, ”समाजवादी मूल्यों को समर्पित आपका जीवन हम सबके लिए वो अखंड प्रकाश स्तंभ है जो हमेशा राह दिखाता रहा है और दिखाता रहेगाङ्घ।’’
सपा सांसद डिंपल यादव ने ‘एक्स’ पर कहा, ”समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ श्रद्धेय नेताजी मा. मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर शत शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि!’’
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उनका जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है।’’
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह 1989 में पहली बार, फिर 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वह देश के रक्षा मंत्री भी रहे। यादव 1977 में जनता पार्टी की सरकार में पहली बार मंत्री बने थे।
मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। समाजवादी विचारक और नेता राम मनोहर लोहिया से प्रेरित यादव जमीनी स्तर पर अपने गहरे जुड़ाव और पिछड़े वर्ग की लामबंदी के लिए जाने जाते थे।
मुलायम को मरणोपरांत वर्ष 2023 में ‘पद्म विभूषण’ से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। उनका 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
योगी आदित्यनाथ, अखिलेश समेत कई नेताओं ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
