लखनऊ में 16 जुलाई को निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, थाईलैंड के फूलों से सजेगा रथ, 256 प्रकार के प्रसाद का होगा वितरण

लखनऊ, 13 जुलाई 2026। राजधानी लखनऊ में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा इस वर्ष भव्य और आकर्षक स्वरूप में निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न मंदिरों से निकलने वाली रथयात्राओं में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को देश-विदेश से मंगाए गए फूलों, विशेषकर थाईलैंड के फूलों, से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए 256 प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था की गई है, जबकि विंटेज कारों पर सजी धार्मिक झांकियां और विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार यात्रा का विशेष आकर्षण होंगे।

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त होगा। चारबाग, डालीगंज, राजाजीपुरम, अलीगंज और चौक क्षेत्र की रथयात्राएं राजधानी की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में शामिल हैं।

इस्कॉन मंदिर और अलीगंज से निकलने वाले रथ लगभग 25-25 फीट ऊंचे होंगे। वहीं चौक क्षेत्र का रथ करीब 9 फीट, डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर का रथ 15 से 20 फीट तथा राजाजीपुरम का रथ लगभग 12 फीट ऊंचा होगा।

श्री राधा माधव सेवा संस्थान के अनुसार, डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर से शाम 4 बजे आरती के बाद भगवान जगन्नाथ को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा डालीगंज, नजीरगंज, शंकर नगर, न्याय नगर, रामकृष्ण मठ, फैजाबाद रोड, बाबूगंज और डालीगंज पुल होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी।

इस रथ को करीब पांच क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा। विंटेज कारों पर राधा-कृष्ण, हनुमान और भगवान शंकर की झांकियां निकाली जाएंगी। अयोध्या का फरुवाही नृत्य दल, राजस्थान के लोक कलाकार, महाराष्ट्र के ढोल वादक तथा उज्जैन के महाकाल की डमरू ध्वनि यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगे। भगवान जगन्नाथ को चांदी का मुकुट और विशेष राजस्थानी पोशाक धारण कराई जाएगी।

राजाजीपुरम में श्री जगन्नाथ रथयात्रा सेवा समिति की ओर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा एक ही रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। वृंदावन से आए भक्त पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।

अलीगंज में श्री महावीर ट्रस्ट की ओर से निकलने वाली रथयात्रा में पारंपरिक चांदी की प्राचीन झाड़ू से मार्ग की सफाई की जाएगी, जबकि चौक क्षेत्र में जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को अलग-अलग रथों पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 11 ऊंट, 21 अन्य रथ और हाथी भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

शहर के पांच प्रमुख स्थानों से निकलने वाली इन रथयात्राओं के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों को भी रथयात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *