योगी सरकार का बड़ा फैसला: गन्ना किसानों को सौगात, बढ़ाए गए अगैती व सामान्य प्रजाति के दाम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नए फैसले के तहत अगैती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति का मूल्य 390 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। सरकार के इस निर्णय को गन्ना उत्पादकों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों को लंबे समय से बढ़े हुए समर्थन मूल्य की प्रतीक्षा थी। योगी सरकार का यह कदम किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश सरकार का दावा है कि यह फैसला ‘किसान हित’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की उसकी नीति को दर्शाता है।

वहीं, मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उद्योग जगत के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया। सरकार ने “उत्तर प्रदेश सुगम व्यापार (प्रावधानों का संशोधन) अध्यादेश-2025” को मंजूरी दी है। इस अध्यादेश के तहत राज्य में लागू 13 प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक अधिनियमों में 99 प्रतिशत आपराधिक प्रावधान समाप्त कर दिए गए हैं। अब अधिकांश मामलों में जेल भेजने के बजाय आर्थिक दंड या प्रशासनिक कार्रवाई की व्यवस्था होगी।

सरकार का कहना है कि यह कदम ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को नई गति देगा और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करेगा। संशोधन के दायरे में फैक्ट्री अधिनियम, दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम, मोटर ट्रांसपोर्ट वर्कर्स एक्ट, बोइलर अधिनियम और अनुबंध श्रमिक अधिनियम जैसे कानून शामिल हैं।

गन्ना मूल्य वृद्धि और व्यापारिक सुधारों से जुड़े इन दोनों निर्णयों को योगी सरकार के संतुलित कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे एक ओर किसानों को राहत मिलेगी तो दूसरी ओर निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *