तेजस्वी यादव का भाजपा पर हमला : कहा, जब तक उम्र है और भाजपा सत्ता में है, लड़ते रहेंगे

पटना, 13 अक्टूबर — राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब तक “दंगाई और संविधान विरोधी भाजपा सत्ता में है और जब तक मेरी उम्र है, मैं लड़ता रहूंगा।”

तेजस्वी की यह प्रतिक्रिया उस दिन आई जब आईआरसीटीसी होटल भ्रष्टाचार मामले में दिल्ली की एक सीबीआई अदालत ने उनके पिता और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, स्वयं तेजस्वी यादव और अन्य के खिलाफ आरोप तय किए।

तेजस्वी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “तूफानों से लड़ने में मजा ही कुछ और है। हमने संघर्ष पथ चुना है। इस राह पर चलकर हम मंज़िल जरूर पाएंगे।”

उन्होंने दावा किया कि एक माह पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार आकर उन्हें धमकी दी थी कि उन्हें “चुनाव लड़ने लायक नहीं छोड़ा जाएगा”।
उन्होंने कहा, “हम लड़ेंगे और जीतेंगे। हम बिहारी हैं, और बिहारी बाहरी से नहीं डरते। जय बिहार, जय बिहारी।”

तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने और विपक्षी आवाजों को दबाने का आरोप लगाया और कहा कि बिहार की जनता भाजपा के “धमकी और दमन” का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने पलटवार करते हुए कहा कि, “जो भ्रष्टाचार करेगा, आरोप तो तय होंगे ही। आईआरसीटीसी मामले में पूरा लालू परिवार सम्मिलित है। यह परिवार अब भ्रष्टाचार और घोटालों का प्रतीक बन चुका है, और बिहार को लंबे समय तक पिछड़ेपन में धकेलने का जिम्मेदार है।”

आईआरसीटीसी केस को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और आगामी लोकसभा चुनावों से पहले यह मामला एक बड़ी राजनीतिक बहस का मुद्दा बनता दिख रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *