सीएम योगी ने किया यूपी आम महोत्सव-2026 का उद्घाटन, आधा किलो का आम देख मुस्कुराए; 800 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी

सीएम योगी ने किया यूपी आम महोत्सव-2026 का उद्घाटन, आधा किलो का आम देख मुस्कुराए; 800 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी

लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन किया, किसानों से उनकी विशेषताओं की जानकारी ली और करीब आधा किलो वजनी आम देखकर मुस्कुरा उठे। उन्होंने दोनों हाथों में आम लेकर उत्पादकों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी महोत्सव से दो पेटी आम खरीदे।

मुख्यमंत्री ने आम उत्पादकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का आम आज ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, कुवैत सहित अनेक देशों में निर्यात हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विकसित एक नई प्रजाति को ‘काकोरी’ नाम दिया गया है, जो देशभक्ति और समर्पण की भावना का प्रतीक है।

महोत्सव में इस बार ‘मोदी मैंगो’ और ‘योगीराज’ आम विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा नूरजहां, लालिमा, बनाना मैंगो, याकूती, टॉमी एटकिंस, दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल, लखनऊ सफेदा और अल्फांसो समेत 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम की गुणवत्ता और संरक्षण के लिए किसानों को फ्रूट बैग उपलब्ध करा रही है। साथ ही एआई आधारित खेती, ई-कॉमर्स और वैश्विक निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों को रसायन-मुक्त बनाकर वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि आम महोत्सव केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के किसानों के लिए भी अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। बायर्स-सेलर्स मीट के माध्यम से किसानों को नए बाजार और निर्यात के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मलिहाबाद के दशहरी आम को मिला जीआई टैग उसकी वैश्विक पहचान को और मजबूत करता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसके किसान हैं, जिनकी मेहनत से प्रदेश की पहचान दुनिया भर में बनी है। आम उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य में चार आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं।

तीन दिवसीय आम महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों के साथ आम से बने अचार, जूस, पल्प, अमावट, आम का रसगुल्ला और आम की जलेबी जैसे उत्पाद भी प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *