टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंके जाने की घटना पर अखिलेश का हमला, बोले- भाजपा बना रही राजनीतिक हिंसा का माहौल

 लखनऊ, 02 जुलाई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से मामले का स्वत: संज्ञान लेने की मांग की।

बताया गया है कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में दौरे के दौरान महुआ मोइत्रा को भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी की गई और उन पर अंडे फेंके गए।

लोकसभा में 37 सांसदों वाली समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा अपने शासन वाले राज्यों में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और पश्चिम बंगाल में भी राजनीतिक हिंसा का विषैला वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का राजनीतिकरण किया जा रहा है और लोकतांत्रिक विरोध की मर्यादाओं का लगातार उल्लंघन हो रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरे देश में असंतोष और आक्रोश का वातावरण पैदा कर रही हैं। उनका दावा था कि भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी इस प्रकार की घटनाओं से असहज हैं, क्योंकि भविष्य में ऐसे हालात उनके सामने भी आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े नेता सुरक्षा घेरे में रहते हैं, लेकिन आम कार्यकर्ताओं को जनता के बीच ऐसे माहौल का सामना करना पड़ता है।

सपा प्रमुख ने न्यायपालिका और लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले का स्वत: संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने घटना से संबंधित एक वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया।

वहीं, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का आरोप है कि नादिया जिले के कालीगंज क्षेत्र के पलाशी में पार्टी विधायक अलीफा अहमद के आवास पर आयोजित बैठक में शामिल होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। उनके अनुसार प्रदर्शनकारियों ने “वापस जाओ” और “चोर” जैसे नारे लगाए तथा उन पर अंडे फेंके।

महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उनका कहना है कि उन पर किया गया हमला सुनियोजित था और इसके पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका है। भाजपा की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *