राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

लखनऊ, 1 जुलाई 2026 (यूएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के वरिष्ठ संत महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ और फेफड़ों में संक्रमण (लंग्स इंफेक्शन) की शिकायत के बाद भर्ती किया गया है।

मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही अस्पताल की ओर से मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा।

88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास इससे पहले जनवरी 2026 में भी अस्वस्थ होने पर मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे। उस समय उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो गया था। उनके अस्पताल में भर्ती होने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने पहुंचे थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के शुरुआती दौर से ही सक्रिय भूमिका निभाई और मंदिर निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। न्यायालय में चल रहे विवाद से लेकर जनआंदोलनों और संत समाज को एकजुट करने तक उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मणिराम दास छावनी के महंत के रूप में भी उनका विशेष स्थान रहा है।

राम मंदिर के भूमि पूजन, निर्माण कार्य और प्राण प्रतिष्ठा समारोह सहित आंदोलन से जुड़े सभी प्रमुख अवसरों पर उनकी सक्रिय उपस्थिति रही। बढ़ती उम्र के कारण उन्हें पहले भी कई बार उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।

फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद देशभर के संत-समाज और श्रद्धालुओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *