लखनऊ, 29 जून। राजधानी लखनऊ में सोमवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना विकासनगर इलाके में जूते-चप्पल की एक दुकान में हुई, जबकि दूसरी घटना चिनहट क्षेत्र के एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर सामने आई। दोनों स्थानों पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पहली घटना विकासनगर थाना क्षेत्र में महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित बाजार में दोपहर करीब 12 बजे हुई। यहां एक बहुमंजिला इमारत के भूतल और पहली मंजिल पर संचालित जूते-चप्पल की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग बाहर निकल आए।
विकासनगर में एक घंटे और चिनहट में आधे घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग के तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली करा दिया। साथ ही घरों और दुकानों में रखे एलपीजी सिलेंडरों तथा अन्य ज्वलनशील सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि आग से दुकान में रखा जूते-चप्पलों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इसी दौरान दूसरी घटना चिनहट थाना क्षेत्र में रामा डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक अपार्टमेंट में हुई। यहां इमारत की पांचवीं मंजिल पर बने एक कमरे में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
बताया गया कि संबंधित इमारत का उपयोग होम-स्टे और कार्यालय के रूप में किया जाता है। आग लगने के समय प्रभावित मंजिल पर तीन लोग मौजूद थे। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद लगभग आधे घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने लोगों से विद्युत उपकरणों और वायरिंग की समय-समय पर जांच कराने तथा इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने के कारण दोनों घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया।
