पड़ोसियों के विवाद में गई बुजुर्ग महिला की जान, पत्थर लगने से मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ, 18 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। झगड़े के दौरान छत से फेंके गए पत्थर की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा भी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:10 बजे मवई पड़ियाना गांव में रहने वाले दो पड़ोसी परिवारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। दोनों पक्षों की पहचान राजेंद्र और उनके पड़ोसी धर्मेंद्र, गोविंद तथा पंचम के परिवार के रूप में हुई है। सभी एक-दूसरे के आमने-सामने रहते हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दोनों पक्षों के लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक पक्ष के लोगों ने अपने घर की छत से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

मृतक महिला सियावती
मृतक महिला सियावती

इसी दौरान एक पत्थर राजेंद्र की 75 वर्षीय मां सियावती रावत के सिर पर जा लगा। गंभीर रूप से घायल सियावती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में राजेंद्र भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

मामले की सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना में नामजद तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र को भी चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *