नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर के छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी मुहिम को और तेज करते हुए पेपर लीक, परीक्षाओं में कथित धांधली और बढ़ती शिक्षा फीस के खिलाफ ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से इस अभियान में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।
राहुल गांधी इन दिनों ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से छात्रों के बीच पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को राजस्थान के कोटा में पहला छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया, जहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाया। अभियान के तहत आगामी कार्यक्रम 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।
ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि यदि किसी छात्र ने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली या महंगी फीस का दर्द झेला है, यदि उसकी मेहनत और सपनों को व्यवस्था ने नुकसान पहुंचाया है, तो उसे इस मुहिम का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि छात्रों की मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है। राहुल गांधी के अनुसार, जितने अधिक लोग इस याचिका का समर्थन करेंगे, छात्रों की आवाज उतनी ही मजबूती से उठेगी।
कांग्रेस का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आने वाले पेपर लीक के मामलों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती शिक्षा लागत के कारण लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। पार्टी इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी ने छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर इस अभियान को मजबूत बनाने की अपील करते हुए कहा कि हर हस्ताक्षर युवाओं के भविष्य की लड़ाई को नई ताकत देगा।
