प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धारा 163 लागू

हल्द्वानी, 18 जून। उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ सेवा के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा के मद्देनजर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़, सभा, प्रदर्शन, नारेबाजी तथा ध्वनि प्रदूषण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि जिले में कुल पांच परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज भोटियापड़ाव, नगर निगम इंटर कॉलेज गौलाहैड काठगोदाम, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कमलुवागांजा तथा डॉन बॉस्को सीनियर सेकेंडरी स्कूल हिम्मतपुर मोटाहल्दू शामिल हैं।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, पर्चे बांटने, संदिग्ध गतिविधियों तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर भी सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

परीक्षा के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में योगदान देने का आग्रह किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *