लखनऊ, 17 जून (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए “विजिट माय स्टेट” अभियान के अंतर्गत संचालित पांच प्रमुख वीकेंड धार्मिक टूर पैकेजों को नियमित कर दिया है। अब श्रद्धालु प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को अपनी पसंद के धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।
पर्यटन विभाग की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था के तहत लखनऊ से अयोध्या और नैमिषारण्य तथा प्रयागराज से अयोध्या, चित्रकूट और विंध्याचल धाम के लिए नियमित एक दिवसीय धार्मिक यात्राएं संचालित की जाएंगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि “सुगम दर्शन” सेवा को श्रद्धालुओं का व्यापक समर्थन मिला है। इसी को देखते हुए इसे नियमित स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी यात्रा में केवल दो श्रद्धालु भी पंजीकरण कराते हैं, तब भी यात्रा रद्द नहीं होगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी।
लखनऊ से अयोध्या के लिए हर शनिवार और रविवार को विशेष धार्मिक यात्रा संचालित होगी। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि, कनक भवन, सरयू तट, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा शुल्क 1,500 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार लखनऊ से नैमिषारण्य धाम की यात्रा प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। श्रद्धालुओं को चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी, दधीचि कुंड, ललिता देवी मंदिर, बालाजी मंदिर और हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस यात्रा के लिए वरिष्ठ नागरिकों का शुल्क 1,000 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 1,700 रुपये रखा गया है।
प्रयागराज से चित्रकूट की एक दिवसीय यात्रा प्रत्येक शनिवार को आयोजित की जाएगी। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में श्रद्धालु गुप्त गोदावरी, माता अनसूया आश्रम, स्फटिक शिला, राम दरबार, कामतानाथ मंदिर और हनुमान धारा के दर्शन कर सकेंगे। इस पैकेज का शुल्क 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित है।
वहीं, प्रयागराज से विंध्याचल धाम की यात्रा प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी देवी, अष्टभुजा मंदिर और काली खोह के दर्शन कराए जाएंगे। इस किफायती पैकेज का शुल्क मात्र 600 रुपये रखा गया है।
प्रयागराज से अयोध्या के लिए प्रत्येक रविवार को विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन होगा। श्रद्धालु राम की पैड़ी में स्नान, हनुमानगढ़ी, श्रीराम मंदिर और कनक भवन के दर्शन कर सकेंगे। इस यात्रा का शुल्क 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
यूपीएसटीडीसी ने बुकिंग प्रक्रिया को भी बेहद सरल बना दिया है। श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी यात्रा बुक कर सकते हैं। समूह बुकिंग पर विशेष छूट की व्यवस्था भी की गई है। यात्रा के दौरान प्रशिक्षित गाइड, पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक और यादगार अनुभव मिल सके।
पर्यटन विभाग का मानना है कि इन नियमित धार्मिक टूर पैकेजों से न केवल प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को देश-विदेश के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
