नैनीताल, 16 जून,2026 (विरेंद्र पाल, RNN संवाददाता )। कालाढूंगी रोड स्थित सरिताताल झील के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर झील में जा गिरी, जिससे कार में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी चार पर्यटक सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान उनकी ऑल्टो कार (यूपी-21-सीसी-1213) कालाढूंगी रोड पर सरिताताल के समीप पहुंची, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से फिसलकर सीधे झील में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी ने बताया कि कार के झील में गिरते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ यात्री स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो अन्य को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की निगरानी में झील से कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरिताताल के आसपास सड़क संकरी होने और मोड़ों पर सावधानी न बरतने के कारण इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता के साथ वाहन चलाने की अपील की है।
