राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने 12 दिवसीय ‘सिविल डिफेंस बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स’ का किया शुभारंभ

लखनऊ, 16 जून। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने सोमवार को केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, छठा मील सीतापुर रोड पर नव-सृजित जनपदों के नवनियुक्त स्वयंसेवकों के लिए आयोजित 12 दिवसीय विशेष ‘सिविल डिफेंस बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए नागरिक सुरक्षा की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा विभाग का विस्तार प्रदेश के सभी 75 जनपदों तक कर दिया गया है। पहले यह व्यवस्था केवल 14 जिलों तक सीमित थी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों से संभावित खतरों, आतंकवाद तथा आपदा जैसी परिस्थितियों के मद्देनजर प्रत्येक नागरिक को सतर्क, प्रशिक्षित और जागरूक होना आवश्यक है।

प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए धर्मवीर प्रजापति ने समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए और स्वयंसेवकों को सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की कमांडेंट प्रियंका सिंह (पीसीएस) ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जैसे अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन आदि की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा मनोज कुमार राय ने प्रदेश में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए संस्थान के जीर्णोद्धार और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में संस्थान का स्वरूप और अधिक विकसित एवं सुदृढ़ रूप में दिखाई देगा।

कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट प्रियंका सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *