लखनऊ-कानपुर रोड पर युवक ने वाहनों पर बरसाए ईंट-पत्थर,बाइक सवार घायल

लखनऊ,15 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी के बंथरा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक युवक ने कानपुर रोड पर जमकर उत्पात मचाया। उसने राहगीरों और वाहनों पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई वाहनों के शीशे टूट गए। आरोपी युवक घायल की बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक के साथ कार में मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस मामले में घायल बाइक सवार की पत्नी ने बंथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सरोजनीनगर की रामविहान कॉलोनी, दरोगाखेड़ा निवासी महिला कल्पना के अनुसार, उनके पति राममोहन सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे बंथरा के शिवपुरा स्थित एक कंपनी से ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे।

जब वे बंथरा के हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी स्विफ्ट डिजायर कार से उतरे युवक विद्युत वैश्य ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में राममोहन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर ने पास खड़े एक डंपर के शीशे भी तोड़ दिए। इसके बाद वह राममोहन की चाबी लगी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के साथ मौजूद असम प्रांत के गुवाहाटी निवासी अरमान, सरोज कुमार और जौनपुर के सैदनपुर निवासी कार चालक अशोक कुमार से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि बाइक लेकर भागा मुख्य आरोपी विद्युत वैश्य उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र में भी लोगों पर ईंट-पत्थर बरसाने लगा था। इसके बाद असोहा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

बंथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी विद्युत वैश्य के साथियों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह कुछ दिन पहले घर से लापता हो गया था और खोजबीन के दौरान परिजनों को उसके झांसी में होने की जानकारी मिली। तभी उसके परिजन उसे कार से लेकर अपने घर जा रहे थे।

इसी दौरान बंथरा क्षेत्र में उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। वह अपने परिजनों से ही मारपीट करने लगा। परिजनों द्वारा कार रोककर उसे संभालने की कोशिश की गई, लेकिन उसने सड़क पर निकलकर राहगीरों और वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *