मुख्यमंत्री ने किया श्रीराम कथा के भव्य मंच के पोस्टर का विमोचन

लखनऊ, 30 मई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में आगामी 1 से 9 जून तक आयोजित होने वाली पूज्यपाद जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की श्रीराम कथा के लिए तैयार किए जा रहे भव्य मंच के पोस्टर का शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विमोचन किया। इस दौरान कथा आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और श्रीराम कथा के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर की अनुकृति पर आधारित कथा मंच के पोस्टर का लोकार्पण करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि श्रीराम कथा का आयोजन सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कथा स्थल पर विशाल पंडाल के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही बंगाल से आए कारीगरों द्वारा व्यास पीठ के पीछे अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की तर्ज पर एक भव्य अनुकृति तैयार की जा रही है, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।

विधायक ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान आयोजन समिति के सदस्य राकेश पांडेय, संजीव अग्रवाल, श्यामजी अग्रवाल, सुनील अग्रवाल तथा मनोज अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *