‘काक्रोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट भारत में सस्पेंड, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

नई दिल्ली, 21 मई 2026। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई ‘काक्रोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में विथहेल्ड कर दिया गया है। इस कार्रवाई की जानकारी पार्टी से जुड़े अभिजीत दीपके ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर दी।

अभिजीत दीपके ने एक स्क्रीनशॉट पोस्ट किया, जिसमें लिखा था कि @CJP2029 अकाउंट को “इन रिस्पॉन्स टू ए लीगल डिमांड” भारत में रोक दिया गया है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, काक्रोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में विथहेल्ड कर दिया गया है।”

इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कई यूजर्स ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा, जबकि कुछ लोगों ने इसे प्लेटफॉर्म की कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया।

पिछले कुछ दिनों में ‘काक्रोच जनता पार्टी’ इंटरनेट पर बड़ा ट्रेंड बनकर उभरी थी। इंस्टाग्राम और एक्स पर इसके मीम्स, व्यंग्यात्मक पोस्ट और छोटे वीडियो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे। महज कुछ दिनों में इस अभियान ने करोड़ों व्यूज और लाखों फॉलोअर्स जुटा लिए थे।

सोशल मीडिया यूजर्स का एक बड़ा वर्ग इसे मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था और सिस्टम पर व्यंग्य के रूप में देख रहा था। खासकर युवाओं के बीच “काक्रोच जनता पार्टी” एक इंटरनेट ट्रेंड और मीम कल्चर का हिस्सा बन चुकी थी।

अकाउंट पर भारत में रोक लगाए जाने के बाद सेंसरशिप और डिजिटल फ्रीडम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अब तक इस मामले में केंद्र सरकार, किसी जांच एजेंसी या एक्स की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *