एलयू वायरल ऑडियो कांड में बड़ा एक्शन, छात्रा से आपत्तिजनक बातचीत करने वाला प्रोफेसर निलंबित

लखनऊ, 20 मई 2026 (यूएनएस)। लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा के उत्पीड़न और पेपर लीक से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को निलंबित कर दिया है। यह फैसला विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक में लिया गया।

मामले में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा हसनगंज थाना में तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने पेपर लीक समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को विश्वविद्यालय परिसर से हिरासत में लिया था और अगले दिन अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

छात्रा के आरोपों की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) का गठन किया था। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट कार्यसमिति को सौंप दी। इसके साथ ही तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय अनुशासन जांच समिति भी गठित की गई थी। समिति की अंतरिम रिपोर्ट में डॉ. परमजीत सिंह को प्रथम दृष्टया चार गंभीर आरोपों में दोषी पाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी शिक्षक ने छात्रा को पेपर लीक कराने का लालच देकर यौन शोषण का प्रयास किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने गोपनीय परीक्षा संबंधी सूचनाएं साझा करने की बात समिति के सामने स्वीकार की है।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि आरोपी शिक्षक के आचरण से संस्थान की सामाजिक और अकादमिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है। प्रशासन ने इसे विशाखा गाइडलाइंस और यूजीसी-2015 के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन बताया है। आरोपी शिक्षक को आरोप पत्र जारी करते हुए 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

गौरतलब है कि जूलॉजी विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह और बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो में पेपर लीक और छात्रा के उत्पीड़न से जुड़ी बातें सुनाई देने का दावा किया गया था।

मामले के सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। छात्रा की शिकायत पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके बाद हसनगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *