राहुल गांधी आज दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचेंगे, सांसद बारात घर का करेंगे उद्घाटन

रायबरेली, 19 मई 2026। राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। दौरे के दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जनसंवाद भी करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी बछरावां विकास क्षेत्र के ग्राम ठकुराइन खेड़ा, ग्राम पंचायत महेरी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां वह सांसद बारात घर का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद राहुल गांधी बारात घर परिसर में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके अलावा वह सरस्वती इंटर कॉलेज में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके दौरे के दौरान जिले में अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेने की संभावना है।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने रविवार को उपजिलाधिकारी महाराजगंज चंद्रप्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी बछरावां शिव बहादुर सिंह, ग्राम विकास अधिकारी आलोक शुक्ला और ग्राम प्रधान देशराज यादव पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज चौधरी , बछरावां अध्यक्ष अवधेश चौधरी और मंडल अध्यक्ष अविनाश चंद्र बाजपेई समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रशासन का कहना है कि राहुल गांधी के दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *