पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 के आवेदन की तिथि फिर बढ़ी, अभ्यर्थियों को 20 मई तक अंतिम मौका

लखनऊ, 19 मई 2026। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 20 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। परिषद ने इसे छात्रहित में दिया गया अंतिम अवसर बताया है।

परिषद द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की पॉलीटेक्निक कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पहले 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। बाद में अभ्यर्थियों और विभिन्न संस्थानों की मांग पर इसे बढ़ाकर 17 मई 2026 किया गया था।

अब पुनः प्राप्त अनुरोधों और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद ने आवेदन प्रक्रिया को 18 मई से 20 मई 2026 तक फिर से विस्तारित कर दिया है।

परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकते हैं।

परिषद के अनुसार, 18 मई 2026 तक कुल 2,71,093 प्रवेश सीटों के सापेक्ष चार लाख 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। इसे परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि का संकेत माना जा रहा है।

परिषद ने स्पष्ट किया है कि 20 मई के बाद आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है, इसलिए अभ्यर्थी अंतिम समय का इंतजार न करें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *