नीदरलैंड दौरा खत्म कर स्वीडन रवाना हुए पीएम मोदी, 17 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

हेग, 17 मई 2026 (यूएनएस)। नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय नीदरलैंड यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को स्वीडन के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, जल प्रबंधन, सेमीकंडक्टर, नवाचार और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अपने डच समकक्ष रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और उससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार नेटवर्क पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी नीदरलैंड यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ जल संसाधन, रक्षा, स्थिरता, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर और गतिशीलता जैसे क्षेत्रों में भविष्य की साझेदारी का मजबूत खाका तैयार किया गया है।

द्विपक्षीय वार्ता से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा, बंदरगाह, स्वास्थ्य, कृषि व्यापार और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख डच कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कंपनियों को भारत में समुद्री क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य सेवा और सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश के अवसर तलाशने का आमंत्रण दिया।

रवाना होने से पहले मोदी ने रॉब जेटेन के साथ प्रसिद्ध ‘अफस्लुइटडिज्क’ बांध का दौरा भी किया। भारत और नीदरलैंड जल प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूल बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उनके चार देशों के यूरोपीय दौरे का हिस्सा है। अब स्वीडन में वह अपने समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापार, रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित परिवर्तन, अंतरिक्ष, स्टार्टअप और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को भी संबोधित करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *