लखनऊ, 17 मई 2026 (यूएनएस)। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का सिद्धांत भारतीय जनता पार्टी की आत्मा है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण ही सरकार और संगठन का सर्वोच्च लक्ष्य है।
उपमुख्यमंत्री प्रयागराज के अरैल क्षेत्र में आयोजित भाजपा यमुनापार के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के त्रिदिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक परिवार है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं की वैचारिक क्षमता को मजबूत करने और उनमें अनुशासन विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आने वाली चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि जनता अब नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है और देश व प्रदेश में विकास तथा सुशासन की राजनीति ही आगे बढ़ेगी।
पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकताओं और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार बुनियादी ढांचे, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रयागराज स्थित सच्चा बाबा आश्रम का भी भ्रमण किया। आश्रम पहुंचने पर संतों और सेवादारों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।
आश्रम परिसर में स्थापित पूज्य सच्चा बाबा की प्रतिमा के दर्शन और विधिवत पूजन-अर्चन के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज की पावन धरती पर स्थित इस आश्रम में आकर उन्हें आत्मिक शांति और सौभाग्य की अनुभूति हुई है।
उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य जनसेवा के मार्ग पर चलने की नई ऊर्जा देता है। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और चौमुखी विकास की कामना भी की।
