शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, शोरूम समेत 8 दुकानें जलकर राख

नोएडा, 16 मई 2026 (यूएनएस)। गौतमबुद्धनगर जिले के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से एक शोरूम समेत आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयावह थी कि लपटें करीब 20 फीट तक उठती दिखाई दीं और धुएं का गुबार लगभग दो किलोमीटर दूर तक नजर आया। घटना के दौरान कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 32 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक छह फर्नीचर और दो प्लास्टिक की दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले एक प्लास्टिक की दुकान में लगी और कुछ ही मिनटों में आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि गोदामों में पेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल रखे होने की आशंका है, जिसकी वजह से धमाके हुए। अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने और मलबा हटाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वहां गैस सिलेंडर या अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद थी या नहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। आग लगने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे आसपास की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई रास्तों को डायवर्ट कर भीड़ हटाने का प्रयास किया। आग की गंभीरता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट से क्रॉसिंग रिपब्लिक जाने वाले मार्ग को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

शाहबेरी क्षेत्र की संकरी सड़कों के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार के पीछे लो-राइज कॉलोनियां होने से स्थानीय लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के मुताबिक शाहबेरी का यह फर्नीचर बाजार अवैध रूप से संचालित हो रहा है। प्राधिकरण स्तर पर पहले भी यहां कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन हर बार बाजार दोबारा बस जाता है। लकड़ी और टीन शेड से बने इस बाजार में करीब 24 छोटी-बड़ी दुकानें संचालित हैं, जहां पुराने और नए दोनों तरह के फर्नीचर बेचे जाते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *