लखनऊ, 16 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा दिया, वहीं जमीन कब्जाने और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक ढंग से किया जाए।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। एक महिला ने अपने बच्चे के इलाज में आर्थिक दिक्कत और आयुष्मान कार्ड न होने की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चे का इलाज हर हाल में कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने इलाज से जुड़े प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बताया जा रहा है कि जनता दर्शन में अपराध और जमीन कब्जाने से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। इन मामलों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भू-माफियाओं एवं अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को भी साथ लेकर पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारते हुए उन्हें चॉकलेट दी और आशीर्वाद भी दिया।
