गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 16 मई को होगा शिलान्यास

लखनऊ, 13 मई 2026। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को एक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 16 मई को गोरखपुर में बनने वाले गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। यह पूर्वांचल क्षेत्र का पहला और उत्तर प्रदेश का चौथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में बनने वाला यह स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर ताल नदोर क्षेत्र में तैयार किया जाएगा। परियोजना पर कुल 392.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि समतलीकरण, मिट्टी भराई, एलाइनमेंट और भारी निर्माण उपकरणों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनप्रतिनिधियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले समय में गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के माध्यम से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का केंद्र बनेगा और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए नई पहचान हासिल करेगा।

यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल मानी जा रही है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में ग्रीन पार्क स्टेडियम और भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मौजूद हैं, जबकि वाराणसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है।

प्रस्तावित स्टेडियम लगभग 46 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा, जिसमें एक साथ 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। स्टेडियम “ग्राउंड प्लस टू फ्लोर” मॉडल पर विकसित किया जाएगा। मैदान में खिलाड़ियों के लिए सात मुख्य पिच और चार अभ्यास पिच तैयार की जाएंगी।

स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *