मायावती बोलीं- पीएम की अपील देश में गहरे आर्थिक संकट का संकेत

लखनऊ, 12 मई 2026 (यूएनएस)। मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता और ऊर्जा संरक्षण संबंधी अपील को देश में गहराते आर्थिक संकट का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति केवल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यापक आर्थिक दबाव की ओर इशारा करती है।

बसपा प्रमुख ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की हालिया अपील यह स्पष्ट करती है कि देश में आर्थिक संकट और गहराने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इसका असर पहले से ही करोड़ों लोगों की जिंदगी और आजीविका पर दिखाई दे रहा है।

कहा- सिर्फ पेट्रोल-डीजल नहीं, आम लोगों की आजीविका पर भी बढ़ रहा दबाव

मायावती ने कहा कि कोविड-19 महामारी के गंभीर प्रभाव झेल चुके करोड़ों लोग अब भी आर्थिक संघर्ष से जूझ रहे हैं। ऐसे में आम जनता के पास “और अधिक संयम बरतने की गुंजाइश” नहीं बची है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से गरीब एवं मेहनतकश परिवारों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकारों को ऐसी नीतियां अपनानी चाहिए, जो आम लोगों को राहत दें और देशहित के साथ-साथ जनभावनाओं के अनुरूप हों।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट की आशंकाओं के बीच नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक जनसभा में देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण की अपील की थी। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और कार पूलिंग के इस्तेमाल को बढ़ावा देने, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने, रेलवे के जरिए पार्सल परिवहन बढ़ाने और “वर्क फ्रॉम होम” जैसी व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने की बात कही थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *