विपक्ष को देशहित के हर फैसले में दिखती है राजनीति : पंकज चौधरी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

अखिलेश का बयान कुंठा और राजनीतिक निराशा का प्रतीक : भाजपा

लखनऊ, 11 मई 2026 (यूएनएस)। पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को अब देशहित के हर निर्णय में राजनीति दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि जब देश आत्मनिर्भरता, संसाधनों के संरक्षण और राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ रहा है, तब समाजवादी पार्टी जनता को भ्रमित करने में लगी हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से देशवासियों से ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील करना दूरदर्शी नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह किसी प्रकार की कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदार शासन का उदाहरण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी हर राष्ट्रीय विषय को राजनीतिक नजरिए से देखकर नकारात्मकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को साझी जिम्मेदारी का संदेश दिया है, लेकिन विपक्ष इसे भी राजनीति का मुद्दा बनाने में जुटा है।

पंकज चौधरी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। कोरोना महामारी, वैश्विक आर्थिक मंदी और अंतरराष्ट्रीय बाजार की अस्थिरता के बावजूद भारत ने विकास की गति बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि देश डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, स्टार्टअप, रक्षा उत्पादन, रेलवे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और मेट्रो परियोजनाओं में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता अभी भी उस दौर को नहीं भूली है जब प्रदेश की पहचान दंगा और अपराध से जुड़ गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन, किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान उनकी राजनीतिक हताशा और कुंठा का प्रतीक है। लगातार चुनावी हार के बाद समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है और केवल सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता अब नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठ चुकी है और विकास, सुशासन तथा राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन दे रही है। भाजपा नेता ने विपक्ष से अपील की कि वह राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की राजनीति करे, न कि भ्रम और अफवाह फैलाने का प्रयास।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *