लखनऊ में महापौर का निरीक्षण, अवैध बांग्लादेशियों को हटाने के निर्देश

लखनऊ, 09 मई। सुषमा खर्कवाल ने शनिवार को लखनऊ के विभिन्न जोनों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जोन-4 स्थित निशातगंज पेपर मिल कॉलोनी के पास अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही उनके बिजली कनेक्शनों की जांच कराने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने जोन-3, 4, 5 और 7 में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली।

जोन-4 स्थित मॉडल वेंडिंग जोन में गंदगी मिलने पर महापौर नाराज हो गईं और मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गंदगी और नालियों की सफाई न होने की शिकायतें मिल रही थीं। महापौर ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि वेंडिंग जोन में कार्य कर रही कार्यदायी संस्था को अप्रैल में हटा दिया गया है और अब यहां सफाई का कार्य लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) द्वारा कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एलआईसी ऑफिस के पास सीवर समस्या और झुग्गियों में लटके बिजली के तारों का मामला भी सामने आया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

इसके अलावा महापौर ने विजयंत खंड और जोन-7 के सी-ब्लॉक में चल रहे नाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात से पहले सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *