कृषि निर्यात में भारत बनेगा ग्लोबल लीडर: शिवराज सिंह चौहान

लखनऊ, 07 मई 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजित करने और विदेशी मुद्रा अर्जित करने के लिए भारत को फल और सब्जियों के निर्यात को तेजी से बढ़ाना होगा।

लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय फ्रूट होराइजन 2026 कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य फलों के उत्पादन, गुणवत्ता और खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि भारत आम, अंगूर, केला और लीची जैसे फलों का प्रमुख उत्पादक है। खासतौर पर आम के उत्पादन और गुणवत्ता में भारत की दुनिया में अलग पहचान है, लेकिन इसके बावजूद कृषि निर्यात की संभावनाओं का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यदि भारतीय फल और सब्जियां बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचती हैं तो किसानों की आमदनी बढ़ेगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और देश को अधिक विदेशी मुद्रा प्राप्त होगी।”

उन्होंने बताया कि सरकार किसानों, निर्यातकों, प्रसंस्करण इकाइयों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद को एक साझा मंच पर लाकर चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा कर रही है। कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सकता है, जबकि कुछ के लिए दीर्घकालिक शोध की आवश्यकता होगी।

बंगाल हिंसा पर टीएमसी पर निशाना

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या पर चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस घबराई हुई है और हिंसा का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या बेहद दुखद और शर्मनाक है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर चौहान ने कहा कि सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करती है।

उन्होंने कहा, “जिसने पहलगाम में वह जघन्य अपराध किया था, वह अब इस दुनिया में नहीं है। आतंकवाद और नक्सलवाद दोनों समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित, भयमुक्त और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *