‘वोट लूट’ और ‘मनगणना’ जैसे आरोप हास्यास्पद: पंकज चौधरी


सपा प्रमुख का बयान हताशा और राजनीतिक पराजय की कुंठा का परिणाम बताया

लखनऊ, 06 मई 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान हताशा, निराशा और राजनीतिक पराजय की कुंठा का परिणाम हैं।

पंकज चौधरी ने कहा कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे मजबूत और पारदर्शी लोकतंत्र है, जिसकी निष्पक्षता पर देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को भरोसा है।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं—जैसे चुनाव आयोग, केंद्रीय बलों और न्यायपालिका—के नियंत्रण में होती है। ऐसे में इन संस्थाओं पर सवाल उठाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास भी है।

सपा द्वारा 2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई ठोस प्रमाण होते, तो उन्हें न्यायालय या चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाता। बार-बार एक ही बात दोहराकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करना उचित नहीं है।

पश्चिम बंगाल को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि जहां-जहां विपक्ष सत्ता में है, वहां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कुचलने के उदाहरण सामने आते रहे हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा संवैधानिक मर्यादाओं का पालन किया है।

उन्होंने कहा, “भाजपा पर ‘वोट लूट’ और ‘मनगणना’ जैसे आरोप लगाना हास्यास्पद है। पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर चलकर जनता का विश्वास जीतती है।”

सपा के ‘पीडीए’ के नारे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक नारा है, जिसका जमीनी स्तर पर कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब जाति और वर्ग की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।

केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों को भी खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाएं कानून के दायरे में काम करती हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी और विपक्ष को करारा जवाब देगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *