भवानीपुर में बड़ा उलटफेर, शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 मतों से हराया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि उनके प्रतिद्वंदी शुभेंदु अधिकारी ने 15,105 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सियासी समीकरण बदल दिए हैं।

भवानीपुर सीट, जिसे लंबे समय से सत्तारूढ़ दल का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, इस बार चौंकाने वाले परिणाम के साथ चर्चा में आ गई है। शुरुआती रुझानों में मुकाबला कांटे का रहा, लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, शुभेंदु अधिकारी ने लगातार बढ़त बनाते हुए अंततः निर्णायक जीत हासिल कर ली।

जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने समर्थकों के बीच मिठाई बांटकर जश्न मनाया। इस जीत ने उन्हें राज्य की राजनीति में और मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। वहीं ममता बनर्जी के लिए यह नतीजा न सिर्फ व्यक्तिगत झटका माना जा रहा है, बल्कि उनकी पार्टी के लिए भी एक बड़ा संदेश है।

गौरतलब है कि दोनों नेताओं के बीच यह पहली टक्कर नहीं है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।

मतगणना से पहले ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि उन्हें मतगणना केंद्र में धक्का दिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ। उन्होंने पुनः मतगणना की मांग भी उठाई थी।

बंपर मतदान के साथ संपन्न हुआ चुनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मत डाले गए।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर राज्य में 92.93 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान माना जा रहा है।

अब सभी की नजर अंतिम परिणामों पर टिकी है, लेकिन भवानीपुर से आए इस नतीजे ने पहले ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *