केंद्रीय बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, सामाजिक परिवर्तन का रोडमैप: युवा संसद में गूंजे विचार

लखनऊ, 03 मई 2026 (यूएनएस)। मेरा युवा भारत उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ के दूसरे दिन युवाओं की ऊर्जा और विचारों ने पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 180 युवा वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

75 जनपदों से पहुंचे युवा

प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित 375 प्रतिभागियों में से युवाओं ने निर्धारित तीन मिनट में अपने विचार रखते हुए गहन समझ, राष्ट्रीय दृष्टिकोण और समाधान आधारित सोच का परिचय दिया। हर भाषण के बाद गूंजती तालियां यह दर्शा रही थीं कि यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विचारों का उत्सव है।

बजट पर गहन मंथन

इस वर्ष का विषय “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” रखा गया। युवाओं ने रोजगार, स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, हरित अर्थव्यवस्था और कौशल विकास जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे।

युवा वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट को केवल आर्थिक दस्तावेज के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन का एक व्यापक रोडमैप है, जो युवाओं को अवसर देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी सौंपता है।

प्रधानमंत्री के संवाद का जिक्र

प्रतिभागियों ने अपने विचारों में उल्लेख किया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के दौरान नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं से किए गए संवाद ने इस बजट की आधारशिला रखी। युवाओं के सुझावों को स्वास्थ्य, उद्यमिता, स्वच्छता और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में शामिल किया गया है।

लोकतंत्र को जीने का अनुभव

कई प्रतिभागियों के लिए यह पहला अवसर था जब वे उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। उन्होंने इसे अपने जीवन का “टर्निंग पॉइंट” बताया, जहां उन्होंने लोकतंत्र को करीब से समझा और अनुभव किया।

निर्णायक मंडल और संचालन

कार्यक्रम में विधायक शशांक वर्मा, डॉ. सुरभि और नीरज बोरा निर्णायक मंडल में शामिल रहे। उन्होंने युवाओं को संसदीय प्रक्रिया, तर्क प्रस्तुति और नेतृत्व कौशल पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का संचालन अनन्या तिवारी और मृणाली दीक्षित ने किया।

युवाओं को मिल रहा मंच

इस पहल के माध्यम से युवाओं को नीति निर्माण, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और नेतृत्व विकास से जोड़ने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जिसे प्रदेशभर में देखा जा रहा है।

यह आयोजन “विकसित भारत 2047” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *